Factgiri Fact Check: वाराणसी के शिवाला, सरायनंदन और नगवा समेत शहर के कई इलाकों में हालिया बारिश के बाद हुए जलभराव और सीवर ओवरफ्लो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। इसी बीच सीवर लाइनों की सफाई के दौरान मुख्य चैंबरों से बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक का मलबा मिलने का मामला सामने आया है। नगर निगम और जलकल विभाग ने इसे सामान्य सीवर कचरा नहीं, बल्कि जानबूझकर सीवर लाइन को जाम करने की आशंका बताया है। वाराणसी नगर निगम की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
क्या है पूरा मामला?
बारिश के दौरान शिवाला समेत कई इलाकों में सीवर ओवरफ्लो और जलभराव की शिकायतें सामने आई थीं, विपक्ष नेताओं ने इसे लेकर सवाल उठाए। इसके बाद नगर निगम और जलकल की टीमों ने मुख्य सीवर लाइनों और मैनहोल की सफाई शुरू की। इसी दौरान शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास चैंबर से करीब 12 बालू भरी बोरियां निकाली गईं। इसके अलावा अन्य मलबा भी मिला। नगर निगम के मुताबिक, सीवर लाइन के जाम होने से मुख्य मार्ग का पानी गलियों की ओर ओवरफ्लो हुआ, जिससे जलभराव की स्थिति बनी।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीवर में बोरियां और मलबा मिलने को गंभीर मामला बताते हुए जानबूझकर लाइन चोक किए जाने की आशंका जताई है। नगर निगम की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ भेलूपुर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

वाराणसी के मेयर ने भी अपने X अकाउंट से मौके की कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें बालू की बोरियों को निकालते हुए देखा जा सकता है। लेकिन यहां एक जरूरी बात समझना भी जरूरी है। बालू की बोरियां मिलना और उनके जानबूझकर डाले जाने की आशंका सामने आना एक तथ्य है, जबकि इसके पीछे किसका हाथ है या यह किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा है, यह अभी जांच का विषय है।
पुलिस और नगर निगम प्रशासन अब आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि उन लोगों की पहचान की जा सके जिन्होंने सीवर के मैनहोल खोलकर अंदर ये बोरियां डाली थीं। सोशल मीडिया और समाचारों में चल रहा यह दावा 100% सत्य है। वाराणसी की सीवर लाइनों को जाम करने के लिए उनमें बालू भरी बोरियां डाली गई थीं, क्योंकि इतनी बारी मात्रा में इतनी सारी बोरियों का एक ही मेनहोल में मिलना सामान्य नहीं है, जिसकी अब पुलिस जांच चल रही है।




