Fact Check: समाजवादी पार्टी मीडिया सेल (@mediacellsp) ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए दावा किया कि वह खाली कुर्सियों के सामने भाषण दे रहे हैं। पोस्ट के साथ तंज करते हुए लिखा गया- ‘खाली कुर्सियों पर भाषण पेलते महोदय? इसीलिए आजकल चेहरा उतरा हुआ है? लेकिन जब Factgiri ने अपने पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ पूरे कार्यक्रम की जानकारी और मूल फुटेज को मिलाकर देखा तो तस्वीर कुछ अलग सामने आई। कार्यक्रम में इतनी भीड़ थी कि सीएम के आने के पहले ही सीटें कम पड़ गई थी।
क्या था पूरा कार्यक्रम?
14 सितंबर 2026 को प्रयागराज स्थित इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर के क्रिकेट ग्राउंड में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (HCBA) की ओर से अधिवक्ता अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य रूप से अधिवक्ताओं के लिए किया गया था, न कि किसी सामान्य राजनीतिक जनसभा के रूप में।
Factgiri की पड़ताल में क्या निकला
Factgiri ने वायरल वीडियो में दिखाई दे रही खाली कुर्सियों और LED स्क्रीन के दृश्य को आधार बनाकर संबंधित कार्यक्रम की जानकारी अलग-अलग कीवर्ड से सर्च की। इसी दौरान कार्यक्रम से जुड़ी अन्य तस्वीरें और वीडियो रिपोर्ट सामने आईं।
अमर उजाला की कार्यक्रम संबंधी रिपोर्टिंग और उपलब्ध वीडियो फुटेज में कार्यक्रम के अंदर बड़ी संख्या में अधिवक्ता दिखाई देते हैं। अंदर का पंडाल वकीलों से भरा हुआ था और मंच के सामने की सीटों पर अधिवक्ता, वरिष्ठ वकील और न्यायिक अधिकारी मौजूद थे। यानी वायरल वीडियो में दिखाई दे रही खाली कुर्सियां मुख्य कार्यक्रम स्थल के अंदर की तस्वीर नहीं थीं।

कीवर्ड की डीटेलिंग में सर्च करने पर हमें, दैनिक भास्कर और ई टीवी भारत के लिंक भी मिले जिसमें अधिवक्ताओं की भारी संख्या में मौजूदगी को साफ देखा जा सकता है।

कार्यक्रम स्थल से दूर लगी LED स्क्रीन का वीडियो
जांच में सामने आया कि कार्यक्रम स्थल से दूर एक और जगह बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई थी जिसपर लाइव प्रसारण दिख रहा था। मुख्य पंडाल खचाखच भरा था। ऐसे में मुख्य कार्यक्रम में जिन वकीलों को जगह न मिले उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी। हालांकि मुख्य पंडाल में ही कुर्सियों के पीछे वकीलों की भीड़ कार्यक्रम खत्म होने तक खड़ी रही।
वीडियो सपा मीडिया सेल ने इस तरह शेयर किया कि देखने वाले को लगे कि मुख्यमंत्री खुद खाली कुर्सियों को संबोधित कर रहे थे, जबकि साफ दिख रहा है कि वहाँ एलईडी स्क्रीन पर प्रसारण हो रहा है।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने किए कई बड़े ऐलान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिवक्ताओं के लिए कई घोषणाएं भी कीं। इनमें प्रदेश के सक्रिय अधिवक्ताओं को 5 लाख रुपये तक कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस, हाईकोर्ट में करीब 10 हजार वकीलों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग, 400 राज्य विधि अधिकारियों को टैबलेट और नए अधिवक्ता कक्ष भवन से जुड़ी सुविधाएं शामिल थीं।
निष्कर्ष
Factgiri Verdict: MISLEADING | भ्रामक
वायरल क्लिप मुख्य पंडाल के अंदर की तस्वीर नहीं बल्कि बाहर की ओवरफ्लो व्यवस्था का हिस्सा थी। जबकि मुख्य कार्यक्रम स्थल के अंदर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद थे।




