Factgiri Fact Check: सोशल मीडिया पर आगरा का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि ठाकुर समुदाय के दबंग लोगों ने दलित समुदाय के एक व्यक्ति की झोपड़ी में आग लगा दी। पोस्ट में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग भी की गई है। हालांकि Factgiri की पड़ताल में वायरल दावे की तस्वीर कुछ और सामने आई।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
X पर DSS चीफ यूपी नाम के अकाउंट ने 24 सितंबर 2026 को दो वीडियो और एक शिकायत पत्र शेयर किया। पोस्ट में दावा किया गया कि आगरा के थाना बासौनी क्षेत्र के कुंवर खेड़ा में प्रेम सिंह जाटव के घर में दबंग ठाकुर लोगों ने आग लगा दी। पोस्ट में यह भी कहा गया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से SC/ST एक्ट का मुकदमा चल रहा है और पुलिस को ठाकुरों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
Factgiri की पड़ताल में क्या निकला?
Factgiri ने वायरल वीडियो की पड़ताल की। इस दौरान हमें पुलिस कमिश्नरेट आगरा की ओर से जारी दो वीडियो मिले। इनमें एक वीडियो में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल पूरे मामले की जानकारी देते नजर आए, जबकि दूसरे वीडियो में प्रेम सिंह का बयान था।
पुलिस के मुताबिक, 24 सितंबर 2026 को शाम करीब 6:20 बजे थाना बासौनी क्षेत्र में एक झोपड़ी में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी।
जांच में सामने आया कि राजवीर और प्रेम सिंह के बीच जमीन की पैमाइश को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। घटना वाले दिन राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश भी की थी। पुलिस के अनुसार, राजवीर और प्रेम सिंह दोनों एक ही जाति यानी अनुसूचित जाति से हैं।
प्रेम सिंह ने अपनी झोपड़ी में आग लगाए जाने का आरोप राजवीर पर लगाया है। हालांकि पुलिस के अनुसार उस समय तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई थी और मामले की जांच जारी थी।
आगरा पुलिस ने सोशल मीडिया पर दूसरे समुदाय के लोगों को घटना के लिए जिम्मेदार बताने वाले दावों को असत्य बताया और कहा कि गलत तथ्यों के साथ पोस्ट करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Fact Check: भ्रामक
निष्कर्ष
झोपड़ी में आग लगने की घटना वास्तविक है, लेकिन इसे ठाकुर बनाम दलित विवाद बताकर वायरल किया जा रहा दावा गलत है। आगरा पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही अनुसूचित जाति समुदाय से हैं और घटना के पीछे जमीन की पैमाइश को लेकर विवाद की बात सामने आई है।




