Factgiri Fact Check: सोशल मीडिया पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद और अभिनेता रवि किशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि रवि किशन ने खुद यह स्वीकार कर लिया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के अगले प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। विपक्षी समर्थकों और कई सोशल मीडिया यूज़र्स इस वीडियो क्लिप को शेयर कर बीजेपी पर तंज कस रहे हैं। हालांकि, फैक्टगिरी की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ के साथ आधा अधूरा शेयर किया जा रहा है।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
सोशल मीडिया पर एम. अंसारी समेत कई यूजर्स ने रवि किशन का वीडियो शेयर किया जा रहा है। वायरल हो रही छोटी सी वीडियो क्लिप में रवि किशन मीडिया से बात करते हुए कह रहे हैं- प्रधानमंत्री आप बनने जा रहे हो… और अभी से कार्यकर्ताओं को कोहनी मार रहे हैं… राहुल गांधी पर BJP सांसद रवि किशन को सुनिए…
FACTGIRI की पड़ताल में क्या निकला?
जब हमने इस वीडियो के मूल स्रोत (Original Source) और रवि किशन के पूरे बयान की जांच की, तो सामने आया कि रवि किशन का यह बयान दिल्ली में कांग्रेस के एक विरोध प्रदर्शन के बाद आया था। उस प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वे अपने ही एक कार्यकर्ता को कोहनी से हटाते हुए दिख रहे थे। इसी घटना पर जब मीडिया ने रवि किशन से प्रतिक्रिया मांगी, तब उन्होंने राहुल गांधी के उस व्यवहार पर तीखा कटाक्ष (Sarcasm) किया था।
बयान देते समय रवि किशन के मुंह से तंज कसते हुए यह लाइन निकल गई कि- “प्रधानमंत्री आप बनने जा रहे हो और आप अभी से कोहनी मार रहे हो अपने कार्यकर्ताओं को, तो आप देश को कितना कोहनी मारोगे…”। यह एक ‘स्लिप ऑफ टंग’ था जिसे उन्होंने तुरंत सुधार भी लिया था। सुनिय रवि किशन का पूरा बयान
वायरल क्लिप में रवि किशन के बयान के बाद वाले हिस्से को काट दिया गया है। अपने पूरे बयान में रवि किशन ने साफ कहा था कि— “देश की जनता राहुल गांधी को (प्रधानमंत्री के रूप में) नहीं चाहती है।” लेकिन इस लाइन को हटाकर सिर्फ शुरुआती हिस्से को वायरल किया जा रहा है ताकि ऐसा लगे कि रवि किशन राहुल गांधी को पीएम के रूप में स्वीकर कर रहे हैं। एशियनेट न्यूज, खबर गांव समेत कई मीडिया हाउस ने इसे पब्लिश किया है।
FactGiri का निष्कर्ष
FactGiri की पड़ताल में यह साफ हुआ है कि बीजेपी सांसद रवि किशन ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं किया है। वायरल वीडियो भ्रामक है और आधे-अधूरे बयान को सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है।
Fact Giri Verdict: भ्रामक




