Hathras School Viral Video Fact Check: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सिकंदराराऊ स्थित नावली लालपुर के संविलियन विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। वीडियो में स्कूल की बदहाली का दावा किया गया, जिसके बाद शिक्षा विभाग की शिकायत पर कुलदीप यादव के खिलाफ FIR दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। वहीं, जब Factgiri ने उपलब्ध रिपोर्टों और अधिकारियों के बयान से इसकी पड़ताल की, तो वीडियो भ्रामक निकला।
पड़ताल में सामने आया कि विद्यालय के पुराने और अनुपयोगी हिस्से को दिखाकर पूरे स्कूल की स्थिति को खराब बताने का दावा भ्रामक है। शिक्षा विभाग के अनुसार, स्कूल में बच्चों की पढ़ाई नियमित रूप से चल रही है और नए भवन में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
दावे का रिवर्स इमेज गूगल पर सर्च करने पर टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट दिखी, खंड शिक्षा अधिकारी विजय चौहान की शिकायत के मुताबिक, वीडियो में दिखाया गया हिस्सा पुराना और वर्तमान में उपयोग में नहीं है। मथुरा-बरेली मार्ग के निर्माण के दौरान विद्यालय का यह हिस्सा राष्ट्रीय राजमार्ग टीम द्वारा क्षतिग्रस्त हुआ था। इसके बाद विद्यालय का नया भवन दूसरे स्थान पर बनाया गया।
शिक्षा विभाग के अनुसार, पुराने क्षतिग्रस्त हिस्से में बारिश के दौरान कोई कक्षा संचालित नहीं होती है। विद्यालय के इस्तेमाल में आने वाले हिस्से में बच्चों की कक्षाएं नियमित रूप से चल रही हैं। नए भवन में विद्यार्थियों के लिए शौचालय समेत आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
अमर उजाला की रिपोर्ट में भी खंड शिक्षा अधिकारी की शिकायत के हवाले से इन तथ्यों की पुष्टि होती है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुराने क्षतिग्रस्त हिस्से का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई हुई।

Factgiri Verdict
विद्यालय के पुराने और अनुपयोगी हिस्से को दिखाकर पूरे स्कूल की बदहाली की तस्वीर पेश की गई, जबकि शिक्षा विभाग के अनुसार उस हिस्से में कक्षाएं संचालित नहीं हो रही थीं और नए भवन में नियमित पढ़ाई जारी थी।
दावा: भ्रामक/MISLEADING




