Assam BJP MLA Viral Video Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति भीड़ के बीच एक युवक को थप्पड़ मारता और केले का पौधा उखाड़कर उससे हमला करता दिखाई दे रहा है। वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि असम में पुल के उद्घाटन समारोह के दौरान बीजेपी विधायक ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी।
Factgiri की पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया। वीडियो असली है और इसमें मारपीट की घटना भी हुई थी, लेकिन वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति AIUDF के तत्कालीन विधायक समसुल हुदा है।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
वीडियो के प्रमुख फ्रेम्स की रिवर्स इमेज सर्च करने पर यही वीडियो Northeast Live के आधिकारिक YouTube चैनल पर मिला। यह वीडियो 18 मार्च 2025 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, घटना असम के धुबरी जिले के बिलासीपारा की है और इसमें नजर आ रहे व्यक्ति AIUDF के तत्कालीन विधायक समसुल हुदा हैं, न कि बीजेपी विधायक।

इसके बाद India Today NE की 20 मार्च 2025 की रिपोर्ट से भी वायरल वीडियो के दृश्य और घटना की जानकारी की पुष्टि होती है। रिपोर्ट के अनुसार, बिलासीपारा ईस्ट के तत्कालीन AIUDF विधायक समसुल हुदा एक पुल के शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने निर्माण कंपनी से जुड़े एक कर्मचारी के साथ मारपीट की थी।

अक्टूबर 2025 में भी यूपी का बताकर वायरल हुआ था यही वीडियो
इस वीडियो का गलत इस्तेमाल पहली बार नहीं हुआ है। Alt News ने 1 अक्टूबर 2025 को इसी वीडियो का फैक्ट चेक किया था, जब इसे उत्तर प्रदेश का बताकर वायरल किया गया था। उस समय दावा किया गया था कि एक घर के उद्घाटन में छोटा रिबन लगाए जाने से नाराज विधायक ने घर के मालिक की पिटाई कर दी। जांच में यह दावा भी गलत पाया गया था।
निष्कर्ष
Factgiri की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। इसमें नजर आ रहे व्यक्ति बीजेपी विधायक नहीं, बल्कि असम के बिलासीपारा ईस्ट से तत्कालीन AIUDF विधायक समसुल हुदा हैं। इसी वीडियो को अलग-अलग राज्यों और अलग-अलग दावों के साथ सोशल मीडिया पर वायरल किया जाता रहा है।




