Factgiri Fact Check: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा नेताओं के साथ तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि “योगी के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे” और राज्यसभा चुनाव को लेकर कोई बड़ा सियासी खेल हो गया है। FactGiri ने वायरल दावे की पड़ताल की तो पता चला कि वीडियो को भ्रामक तरीके से वायरल किया जा रहा, खुद कैबिनेट मंत्री ने भी इसे भ्रामक और निराधार बताया।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल तस्वीर में राकेश सचान, अखिलेश यादव, सपा के राज्यसभा उम्मीदवार धनराज परिमल नथवानी और अन्य नेता नजर आ रहे हैं। यह तस्वीर सपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से हुई मुलाकात के दौरान सामने आई थी। इसी के साथ एक वीडियो भी वायरल हुई इसी के बाद इसे लेकर राजनीतिक अटकलें शुरू हुईं।
मंत्री राकेश सचान ने क्या बताया?
ANI को दिए इंटरव्यू में वायरल तस्वीर और उससे निकाले जा रहे राजनीतिक अर्थ पर राकेश सचान ने सफाई दी। उन्होंने बताया कि वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलने उनके कक्ष में गए थे। उनके मुताबिक महाना कानपुर से आते हैं और उनसे सामान्य शिष्टाचार मुलाकात होती रहती है।
सचान के अनुसार, जिस दौरान वह स्पीकर के कक्ष में थे, उसी समय सपा नेताओं का नामांकन था और अखिलेश यादव भी अपने नेताओं के साथ वहां पहुंचे। इसी दौरान तस्वीर सामने आई। उन्होंने वायरल खबरों और राजनीतिक अटकलों को भ्रामक और निराधार बताया।
FactGiri का निष्कर्ष – भ्रामक
वायरल तस्वीर असली है, लेकिन उसके साथ यह दावा करना कि राकेश सचान अखिलेश यादव से मिलने पहुंचे थे और राज्यसभा चुनाव को लेकर कोई सियासी खेल हो गया, उपलब्ध तथ्यों से साबित नहीं होता। मंत्री ने खुद स्पष्ट किया है कि वह विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मिलने गए थे और उसी दौरान अखिलेश यादव समेत सपा नेता वहां मौजूद थे, इसलिए वायरल पोस्ट का दावा भ्रामक है।




