Factgiri Fact Check: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की 7 अक्टूबर 2026 को वाराणसी में हुई जनसभा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में लाल रंग की कई कुर्सियां खाली दिखाई दे रही हैं। इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि व्यापक जनसंपर्क अभियान के बावजूद राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के दौरान ही लोग सभा से जाने लगे। FactGiri ने वायरल दावे और कार्यक्रम से जुड़ी मीडिया रिपोर्टों की पड़ताल की।

क्या था कार्यक्रम ?
7 अक्टूबर को वाराणसी के रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वडनगर से वाराणसी पहुंची बाइक यात्रा का समापन समारोह आयोजित हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हुए।
FactGiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
कीवर्ड की विस्तार से खोज करने पर FactGiri को अमर उजाला, जनवार्ता, टाइम्स ऑफ इंडिया और लोकल न्यूज रणभेड़ी की रिपोर्टें मिलीं।
अमर उजाला ने 7 अक्टूबर को अपनी लाइव रिपोर्ट में लिखा कि जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में जनसभा के लिए लोगों की भीड़ पहुंची थी। इसी समाचार संस्थान की वीडियो रिपोर्ट का शीर्षक था—‘जगतपुर इंटर कॉलेज के मैदान में नितिन नवीन की जनसभा, उमड़े लोग’। वहीं स्थानीय समाचार वेबसाइट जनवार्ता ने भी कार्यक्रम के समापन पर हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का उल्लेख किया।
क्या नितिन नबीन के भाषण के दौरान लोग उठने लगे?
कार्यक्रम की कवरेज को लेकर उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, बाइक यात्रा में शामिल प्रतिभागी आगे बैठे थे, जबकि सामान्य दर्शक भी सभा में पहुंचे थे। कार्यक्रम में भारी भीड़ की तस्वीरों भी सोशल मीडिया पर वायरल है। बताया गया कि कार्यक्रम देर से शुरू हुआ और नितिन नबीन का संबोधन अंतिम चरण में हुआ। उस समय तक अन्य प्रमुख नेता बोल चुके थे। इसी दौरान मौसम बिगड़ने, तेज बारिश-आंधी और कार्यक्रम समापन की ओर बढ़ने के कारण कुछ लोगों के उठकर जाने की बात भी सामने आई है। इसलिए ये कहना भ्रामक है की कार्यक्रम में भीड़ नहीं हुई या कुर्सियां खाली पड़ी थी।

क्या पूरी जनसभा खाली थी?
नहीं, उपलब्ध मीडिया रिपोर्टें पूरी जनसभा खाली होने की पुष्टि नहीं करतीं। अमर उजाला ने लोगों की भीड़ पहुंचने की जानकारी दी, जबकि जनवार्ता ने समापन समारोह में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी बताई। लोकल न्यूज जैसे- रणभेरी समेत अन्य मीडिया ने भी भीड़ की कवरेज की थी।
Factgiri Verdict: MISLEADING | भ्रामक




