PM Mudra Loan Fact Check: सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के नाम से एक लोन अप्रूवल लेटर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि आवेदक को सिर्फ 1 प्रतिशत सालाना ब्याज दर पर ₹2 लाख का लोन मंजूर किया गया है। कम ब्याज पर सरकारी लोन का यह दावा लोगों को आकर्षित कर रहा है। हालांकि, Factgiri की पड़ताल में यह दावा फर्जी पाया गया है। इसकी पुष्टि PIB ने भी की है।
वायरल लेटर में क्या दावा?
वायरल हो रहे कथित अप्रूवल लेटर में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत ₹2,00,000 का लोन स्वीकृत होने और उस पर 1 प्रतिशत सालाना ब्याज लगाए जाने की बात कही गई है। सोशल मीडिया पर इसे सरकारी योजना का असली दस्तावेज बताकर शेयर किया जा रहा है।
Fact Check में क्या आया ?
Factgiri ने इस दावे की पुष्टि करते हुए वायरल लेटर को गूगल रिवर्स पर अपलोड करने पर ये फर्जी निकला। PIB Fact Check के मुताबिक भी, ऑनलाइन ऐसा पत्र प्रसारित किया जा रहा है जिसमें PMMY के तहत ₹2 लाख का लोन 1 प्रतिशत ब्याज पर मंजूर होने का दावा है। PIB ने स्पष्ट किया कि यह पत्र Fake है।
MUDRA खुद किसी व्यक्ति या माइक्रो उद्यमी को सीधे लोन नहीं देती। MUDRA एक रिफाइनेंसिंग संस्था है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत लोन बैंक शाखाओं, RBI-पंजीकृत NBFC और माइक्रोफाइनेंस संस्थानों (MFI) के जरिए उपलब्ध कराया जाता है।
मुद्रा योजना का असली नियम
मुद्रा योजना में लोन की ब्याज दर कोई एक समान 1 प्रतिशत तय दर नहीं है। संबंधित ऋणदाता संस्था अपनी लागू शर्तों और नियमों के अनुसार ब्याज दर तय करती है। इसलिए वायरल लेटर में 1 प्रतिशत ब्याज पर ₹2 लाख का निश्चित लोन मिलने का दावा भ्रामक है। यानी अगर किसी व्यक्ति को मुद्रा लोन की जरूरत है तो उसे सीधे MUDRA से लोन मिलने के बजाय अधिकृत बैंक, RBI-रजिस्टर्ड NBFC या MFI से आवेदन करना होता है।
निष्कर्ष: वायरल दावा फर्जी है। 1% ब्याज पर ₹2 लाख का यह कथित मुद्रा लोन अप्रूवल लेटर सरकारी दस्तावेज नहीं है।
FALSE




