Factgiri Fact Check: सोशल मीडिया पर मथुरा में दिनदहाड़े फायरिंग का वीडियो शेयर करते हुए उत्तर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। 6 अक्टूबर को @madanmohansoni नाम के X अकाउंट ने वीडियो शेयर कर लिखा, “Uttar Pradesh में आमने-सामने गोलियां चल रही हैं और यहां सुरक्षा का दावा किया जाता है।
FactGiri की पड़ताल में फायरिंग की घटना और वायरल वीडियो वास्तविक मिला, लेकिन मामले में पुलिस की कार्रवाई का पक्ष भी सामने आया है। घटना के बाद मुकदमा दर्ज किया गया और सात आरोपियों को नामजद करते हुए उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू किए गए।
क्या हुआ था मथुरा में?
मामला थाना हाईवे क्षेत्र के मौजा बाजना का है। 5 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे दीपक गौतम अपनी जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा रहे थे। उनकी शिकायत के मुताबिक ब्रजमोहन उर्फ कालू सहित कुछ लोग उनसे ₹20 लाख की रंगदारी मांग रहे थे।
आरोप है कि रकम नहीं देने पर हथियारबंद लोग मौके पर पहुंचे और दीपक के भाई प्रमोद व वहां मौजूद अन्य लोगों की तरफ फायरिंग कर दी। मजदूरों और पीड़ित पक्ष ने ईंटों के पीछे छिपकर जान बचाई। आरोपियों ने वहां खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की। अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद हथियारबंद आरोपी वहां से भाग गए।

वायरल पोस्ट के बाद पुलिस ने क्या बताया?
मथुरा पुलिस ने मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की। पुलिस के मुताबिक पीड़ित की तहरीर के आधार पर सात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गईं।
SP City मथुरा ने भी मामले पर आधिकारिक बयान जारी किया। जमीन और चकरोड़ से जुड़े विवाद को देखते हुए घटनास्थल पर पुलिस ड्यूटी लगाई गई, ताकि दोबारा विवाद या फायरिंग जैसी स्थिति पैदा न हो।
FACTGIRI CHECK: फायरिंग की घटना सही- पुलिस ने तत्काल केस दर्ज कर 7 आरोपियों को नामजद किया और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की है। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर पुलिस ड्यूटी लगाई गई है।




