Fact Check: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले पूर्णकालिक CEO बनाए गए सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स सिर पर शराब की बोतल या गिलास रखकर डांस करता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि राम मंदिर ट्रस्ट का CEO बनने के बाद जीतेंद्र मिश्रा शराब पार्टी करते दिखे। लेकिन Factgiri की पड़ताल में वायरल दावा गलत पाया गया। यह वीडियो जीतेंद्र मिश्रा का नहीं है और उनकी नियुक्ति से कई महीने पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद था।
क्या है वायरल वीडियो का दावा?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘Rashmi INC भारतीय’ नाम के हैंडल से वीडियो शेयर किया गया। पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया कि पहले चंदा गिनने वाले चोरी करते थे और अब CEO पार्टी मना रहा है। इसके अलावा कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) सोशल मीडिया अभियान के संस्थापक अभिजीत दिपके ने भी वीडियो शेयर किया।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
वायरल वीडियो के कीफ्रेम और रिवर्स इमेज सर्च की पड़ताल करने पर इसका पुराना सोशल मीडिया स्रोत सामने आया। वीडियो Instagram अकाउंट विकाश राणा (@वीकेराणा789) से 3 नवंबर 2025 को पोस्ट किया गया था। उस पोस्ट में वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति को ‘कैप्टन साहब’ बताया गया था।
यानी जिस वीडियो को अब जीतेंद्र मिश्रा की नियुक्ति के बाद का बताकर शेयर किया जा रहा है, वह 2 सितंबर 2026 को उनकी नियुक्ति की घोषणा से करीब 10 महीने पहले ही इंटरनेट पर मौजूद था। जीतेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का पहला CEO बनाए जाने की खबर 2 सितंबर 2026 को सामने आई थी।
चेहरे के मिलान से भी सामने आया अंतर
Factgiri ने वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की तस्वीरों की तुलना जीतेंद्र मिश्रा की उपलब्ध तस्वीरों से की। दोनों के चेहरे में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। वीडियो में नजर आ रहे व्यक्ति के सिर पर बाल हैं, जबकि जीतेंद्र मिश्रा के सिर पर बाल नहीं हैं। इसके अलावा चेहरे की बनावट और मूंछों में भी समानता नहीं दिखती। Only Fact नाम के पेज ने भी X अकाउंट पर फेक और ओरिजनल वीडियो को कम्पेयर कर इसे फर्जी बताया। इससे साफ है कि वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स जीतेंद्र मिश्रा नहीं है।
निष्कर्ष
Factgiri Verdict: FALSE | फर्जी दावा
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO जीतेंद्र मिश्रा के शराब पार्टी करने का दावा गलत है। वायरल वीडियो न तो जीतेंद्र मिश्रा का है और न ही उनकी नियुक्ति के बाद का। इसका पुराना स्रोत नवंबर 2025 का मिला है, जबकि जीतेंद्र मिश्रा की CEO पद पर नियुक्ति सितंबर 2026 में हुई।




