Fact Check: सोशल मीडिया पर बुलडोजर से सब्जी विक्रेता का ठेला हटाने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को उत्तर प्रदेश का बताकर योगी सरकार पर निशाना साधा जा रहा है। हालांकि, Factgiri की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि महाराष्ट्र के भिवंडी का है।
क्या है वायरल दावा?
फेसबुक समेत X सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में गरीब सब्जी विक्रेता के ठेले पर योगी सरकार का बुलडोजर चलाया गया। पोस्ट में इसे लेकर सरकार पर गरीबों के खिलाफ कार्रवाई करने के आरोप लगाए गए हैं।
Factgiri की पड़ताल में क्या मिला?
वायरल वीडियो के प्रमुख फ्रेम निकालकर रिवर्स इमेज सर्च किया गया। पड़ताल के दौरान यही वीडियो ‘जनता एक्सप्रेस भिवंडी’ नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला। यह वीडियो 11 अगस्त 2026 को अपलोड किया गया था। वीडियो के साथ दी गई जानकारी में कार्रवाई को भिवंडी के कल्याण रोड से जुड़ा बताया गया है।
इसके अलावा ‘द भिवंडी न्यूज’ यूट्यूब चैनल पर भी यही वीडियो 11 अगस्त को प्रकाशित मिला। वहां भी इसे भिवंडी के कल्याण रोड पर ठेला-गाड़ियों के खिलाफ महानगरपालिका की कार्रवाई बताया गया है। पड़ताल के दौरान वीडियो में दिखाई दे रहे बुलडोजर पर भिवंडी महानगरपालिका का नाम भी साफ नजर आया।
निष्कर्ष
Factgiri की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक पाया गया। सब्जी विक्रेता का ठेला हटाने वाला यह वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं है। वायरल वीडियो महाराष्ट्र के भिवंडी के कल्याण रोड पर हुई महानगरपालिका की कार्रवाई का है। इसे यूपी और योगी सरकार से जोड़कर सोशल मीडिया पर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।
MISLEADING




