Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक व्यक्ति चारपाई पर हाथ-पैर बंधी हालत में दिखाई देता है, जबकि दूसरा व्यक्ति उसके पैरों पर कोई पदार्थ लगाकर जलती हुई छड़ से मारता नजर आता है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि भारत में हिंदुओं ने एक मुस्लिम व्यक्ति को पकड़कर प्रताड़ित किया।
Factgiri की पड़ताल में यह दावा भ्रामक पाया गया। वायरल वीडियो किसी वास्तविक सांप्रदायिक हिंसा या मुस्लिम व्यक्ति को प्रताड़ित किए जाने की घटना का नहीं, बल्कि सर्कस में किए गए एक स्टंट का है।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स की रिवर्स इमेज सर्च करने पर यही वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट @comedy_king123 पर मिला। इसे 14 अगस्त 2026 को पोस्ट किया गया था। अकाउंट संचालक ललाउद्दीन पाथा खुद को कॉमेडी कंटेंट क्रिएटर बताते हैं। उनके अकाउंट पर इसी तरह के कई स्टेज्ड वीडियो भी मौजूद हैं।

वीडियो को ध्यान से देखने पर पीछे DJ सेटअप और संगीत भी नजर आता है। चारपाई पर लेटा व्यक्ति भी किसी वास्तविक हमले का विरोध करता दिखाई नहीं देता। इससे वीडियो के मंचित प्रदर्शन होने के संकेत मिलते हैं।
निष्कर्ष
Factgiri की पड़ताल में मुस्लिम व्यक्ति को हिंदुओं द्वारा प्रताड़ित किए जाने का दावा भ्रामक निकला। वायरल वीडियो असल में गोंडा, उत्तर प्रदेश में सर्कस के दौरान किए गए स्टंट का है।




