Fact Check: सोशल मीडिया पर लखनऊ के आलमबाग इलाके का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें करीब 85 वर्षीय शिवलाल शर्मा रोते हुए अपने घर और जमीन पर कब्जे की शिकायत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने शेयर करते हुए दावा किया कि बुजुर्ग के घर पर एक ‘भाजपा से जुड़े दबंग’ ने कब्जा कर लिया है। लेकिन Factgiri की पड़ताल में कहानी का एक हिस्सा तो सामने आता है, लेकिन ‘भाजपा नेता द्वारा कब्जे’ का दावा पुष्ट नहीं होता।
क्या है वायरल दावा?
सपा मीडिया सेल की ओर से शेयर किए गए वीडियो में बुजुर्ग शिवलाल शर्मा मदद और न्याय की गुहार लगाते नजर आते हैं। पोस्ट के मुताबिक, उनके घर पर कथित तौर पर एक दबंग ने कब्जा कर लिया है। सोशल मीडिया पर इस व्यक्ति को भाजपा से जोड़कर पेश किया जा रहा है।
Factgiri की पड़ताल
पड़ताल के दौरान सामने आया कि शिवलाल शर्मा नाम के बुजुर्ग का वीडियो और उनकी शिकायत सोशल मीडिया पर मई 2026 से मौजूद है, lucknow_coverage नाम के पेज ने इस वीडियो को शेयर किया है। उपलब्ध पोस्ट में उनका पता लखनऊ के आलमबाग स्थित श्रीनगर इलाके का बताया गया है। एक वायरल पोस्ट में उनके घर पर ‘आकाश शर्मा’ नाम के व्यक्ति द्वारा कब्जा किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। मामले को लेकर लखनऊ पुलिस के संज्ञान में शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई।
सबसे अहम बात यह है कि हमारी पड़ताल में आकाश शर्मा को भाजपा नेता, पदाधिकारी या किसी आधिकारिक भाजपा पद पर होने की पुष्टि करने वाला विश्वसनीय रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके अलावा किसी भी विश्वनीय समाचार पोर्टल पर ऐसी किसी खबर की कोई जानकारी नहीं मिली, मामला सिर्फ इंस्टाग्राम और X पर अलग अलग पेज से वायरल किया गया, इसमें भी किसी भाजपाई का जिक्र नहीं मिला।
निष्कर्ष
- वायरल दावा MISLEADING यानी भ्रामक है। शिवलाल शर्मा की शिकायत और उनका वीडियो वास्तविक है, और तीन महीने पुराना है।
- इस मामले में भाजपा नेता या भाजपा नेता के करीबी द्वारा जमीन कब्जे का प्रमाण बताना उपलब्ध सबूतों से साबित नहीं होता।
- लखनऊ पुलिस द्वारा X पर किए गए पोस्ट में इस मामले में किसी राजनीतिक व्यक्ति के होने का प्रमाण नहीं मिलता।




