FACT CHECK: गाजियाबाद के लोनी से सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हाजी सलमान को लेकर सोशल मीडिया पर एक दावा तेजी से वायरल है। इसमें आरोप लगाया जा रहा है कि बीजेपी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने सलमान पर फर्जी POCSO केस दर्ज करवाकर उसे जेल भेज दिया। दावा है कि सलमान लोनी की खराब सड़कों और जलभराव जैसे मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठा रहा था, इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। FactGiri की पड़ताल में यह दावा भ्रामक मिला। उपलब्ध पुलिस जानकारी और मीडिया रिपोर्टों में सलमान के खिलाफ POCSO केस के अलावा पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज है।
क्या है वायरल दावा?
‘सूर्या समाजवादी’ समेत सोशल मीडिया अकाउंट्स से शेयर पोस्ट में कहा गया कि हाजी सलमान लोनी की खराब सड़कों और जलभराव को लेकर आवाज उठा रहे थे। इसी वजह से विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने उनके खिलाफ फर्जी POCSO मुकदमा दर्ज कराया। पोस्ट में यह भी दावा है कि कथित घटना के कई दिन बाद केस दर्ज कराया गया और इसे सरकार के खिलाफ आवाज उठाने की सजा बताया गया।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
पुलिस और नवभारत टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, POCSO केस से पहले भी सलमान के खिलाफ कार्रवाई चल रही थी। पुलिस के अनुसार वह लोनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ गाजियाबाद व दिल्ली के अलग-अलग थानों में 14 मुकदमे दर्ज हैं। वह 2024 में गुंडा एक्ट के तहत छह महीने के लिए जिलाबदर भी हो चुका है।

इसके अलावा, 2 सितंबर को हिंदू रक्षा दल से जुड़े दो लोगों के साथ मारपीट के मामले में सलमान और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। इसके बाद सोशल मीडिया पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर को कथित तौर पर अपशब्द कहने और धमकी देने के मामले में भी FIR दर्ज हुई। इसी मामले में पुलिस ने सलमान पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 8 सितंबर को उसे राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया गया।

POCSO केस कब और कैसे दर्ज हुआ?
रिपोर्टों के अनुसार, सलमान की गिरफ्तारी के अगले दिन एक महिला लोनी बॉर्डर थाने पहुंची और अपनी 11 वर्षीय बेटी के साथ कथित छेड़छाड़ और यौन अपराध की शिकायत दी। महिला ने बताया कि घटना के डर के कारण उसने तत्काल शिकायत नहीं की थी। पुलिस ने सलमान और उसके साथी तसलीम के खिलाफ POCSO समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
निष्कर्ष
FACTGIRI VERDICT: MISLEADING | भ्रामक
हाजी सलमान पर POCSO का मुकदमा दर्ज हुआ है, POCSO मामले की जांच अभी जारी है, जबकि इससे पहले सलमान के खिलाफ मारपीट और विधायक को धमकी समेत अन्य मामलों में पुलिस कार्रवाई चल रही थी। इसे केवल विधायक के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से कराया गया फर्जी केस बताना भ्रामक है।




