रायबरेली में राहुल गांधी के समर्थन में उमड़ी भीड़ का दावा भ्रामक, 4 साल पुराना है वायरल Video

Fact Check: सोशल मीडिया पर लोगों की भारी भीड़ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को उत्तर प्रदेश के रायबरेली से जोड़ते हुए दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी के हालिया दौरे के दौरान उनके समर्थन में यह जनसैलाब उमड़ा। वीडियो में एक बड़े टेंट के बाहर हजारों लोग दिखाई दे रहे हैं और कई जगह कांग्रेस के झंडे भी नजर आते हैं।

राहुल गांधी सितंबर 2026 में दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों और अन्य मुद्दों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इसी बीच यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जाने लगा।

क्या है वायरल वीडियो का दावा?

वीडियो शेयर करने वाले कुछ यूजर्स इसे रायबरेली में राहुल गांधी के समर्थन में जुटी भीड़ बता रहे हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि उत्तर प्रदेश में राहुल गांधी को समर्थन देने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। लेकिन वीडियो की पड़ताल करने पर इसकी कहानी कुछ और सामने आती है।

Factgiri की पड़ताल में क्या निकला?

वायरल वीडियो के कीफ्रेम को रिवर्स सर्च करने पर इसका पुराना स्रोत सामने आया। यह वीडियो कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी के X हैंडल पर 10 मई 2022 को शेयर किया गया था। पोस्ट में वीडियो को गुजरात के दाहोद का बताया गया था। यही वीडियो बाद में अलग संदर्भ के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

आगे की पड़ताल में सामने आया कि राहुल गांधी ने 10 मई 2022 को दाहोद में कांग्रेस की ‘आदिवासी सत्याग्रह रैली’ को संबोधित किया था। उस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे।

2022 की रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी ने दाहोद में आदिवासी समुदाय से जुड़े मुद्दे उठाए थे। कांग्रेस के आधिकारिक YouTube चैनल पर भी दाहोद की इसी आदिवासी सत्याग्रह रैली का वीडियो उपलब्ध है।

निष्कर्ष

Factgiri की पड़ताल में वायरल वीडियो का रायबरेली से कोई संबंध नहीं मिला। यह करीब चार साल पुराना वीडियो है, जिसे मई 2022 में गुजरात के दाहोद में हुई राहुल गांधी की आदिवासी सत्याग्रह रैली के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। इसलिए इसे राहुल गांधी के हालिया रायबरेली दौरे और वहां जुटी भीड़ का बताकर शेयर करना भ्रामक है।

Verdict: MISLEADING | भ्रामक

Hot this week

BJP ने इलाहाबाद बैंक बेच दिया? अखिलेश यादव के दावे की FactGiri पड़ताल

Factgiri Fact Check: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश...

Topics

BJP ने इलाहाबाद बैंक बेच दिया? अखिलेश यादव के दावे की FactGiri पड़ताल

Factgiri Fact Check: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img