Factgiri Fact Check: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा साझा किया गया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि प्रयागराज में TGT-PGT अभ्यर्थियों ने जैसे ही विरोध में बैनर लहराए, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना भाषण खत्म करके मंच से चले गए। लेकिन FactGiri की पड़ताल में सामने आए एक अन्य लंबे वीडियो में विरोध के बाद भी मुख्यमंत्री भाषण देते दिखाई दे रहे हैं।
क्या है अखिलेश यादव के वायरल वीडियो में?
अखिलेश यादव ने 15 अक्टूबर 2026 को अपने आधिकारिक X अकाउंट से प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो साझा किया। वीडियो में कुछ अभ्यर्थी TGT-PGT भर्ती को लेकर बैनर दिखाते नजर आते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री के मंच से जाने का दृश्य दिखाया गया है। इस वीडियो के आधार पर सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अभ्यर्थियों का विरोध देखकर मुख्यमंत्री ने अपना संबोधन बीच में ही समाप्त कर दिया।
FactGiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
FactGiri ने इस दावे से जुड़े दूसरे वीडियो और उपलब्ध समाचार रिपोर्टों का मिलान किया।
दैनिक भास्कर की 15 अक्टूबर की रिपोर्ट के अनुसार, प्रयागराज के तेलियरगंज स्थित प्रिंटिंग ग्राउंड में मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान TGT-PGT अभ्यर्थियों ने विरोध दर्ज कराया था। कार्यक्रम में मौजूद कुछ छात्राओं ने पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग वाले पोस्टर लहराए। यानी कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन होने की बात सही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक अन्य लंबे वीडियो में बैनर उठने के बाद भी मुख्यमंत्री मंच पर संबोधन देते नजर आते हैं।
क्या मुख्यमंत्री विरोध देखकर मंच से चले गए?
उपलब्ध लंबे वीडियो के विवरण के अनुसार, अभ्यर्थियों के बैनर दिखाने के बाद भी मुख्यमंत्री का संबोधन जारी रहा। वीडियो और कार्यक्रम के लाइव फुटेज को देखने पर साफ पता चलता है कि जनसभा के बीच में जब छात्राओं ने बैनर दिखाए, तो सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ मंच पर बिल्कुल सामान्य रहे। उन्होंने अपना भाषण बीच में नहीं रोका, बल्कि अपना पूरा संबोधन समाप्त किया, सरकार के कार्यों को गिनाया और उसके बाद ही तय कार्यक्रम के अनुसार मंच से विदा ली। देखिए कार्यक्रम के दिन का दूसरा वीडियो…
दरअसल, इंटरनेट पर जो वीडियो वायरल किया गया है, वह पूरे भाषण का आखिरी हिस्सा है। जब सीएम योगी अपना भाषण खत्म करने ही वाले थे, ठीक उसी समय अभ्यर्थियों ने आगे आकर पोस्टर दिखाए। वायरल वीडियो में केवल उसी 10-20 सेकंड के हिस्से को काटकर यह दिखाया गया कि बैनर देखते ही वह चले गएl
FactGiri का निष्कर्ष
प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन के दौरान TGT-PGT अभ्यर्थियों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने की खबर सही है। लेकिन विरोध शुरू होते ही मुख्यमंत्री के भाषण छोड़कर चले जाने का दावा भ्रामक है।
FACTGIRI VERDICT – दावा- बैनर देखते ही सीएम योगी ने भाषण खत्म किया और मंच छोड़ दिया। भ्रामक (Misleading)



