Factgiri Fact Check: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक महिला द्वारा व्यक्ति को जूते से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि महिला अस्पताल में तीमारदारों से बदसलूकी करने के कारण एक कर्मचारी की पिटाई हुई। लेकिन FactGiri की पड़ताल में सामने आया कि पिटाई करने वाली महिला उस व्यक्ति की पत्नी थी। पुलिस ने घटना की वजह शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बताया है।
वायरल वीडियो में क्या दावा किया गया?
सोशल मीडिया पर ‘उत्तर प्रदेश ORG न्यूज़’ नाम के अकाउंट से एक वीडियो साझा किया गया। इसमें महिला एक व्यक्ति को जूते से मारती दिखाई दे रही है। पोस्ट में दावा किया गया कि ललितपुर के स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज के अंतर्गत महिला अस्पताल परिसर में तीमारदारों से अभद्र व्यवहार करने वाले कर्मचारी की पिटाई की गई।
FactGiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
पड़ताल के दौरान हमें इसी पोस्ट पर ललितपुर पुलिस के आधिकारिक X अकाउंट का रिप्लाई मिला। पुलिस स्पष्टीकरण के मुताबिक, वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पिटाई उसकी पत्नी ने की थी। पुलिस ने बताया कि व्यक्ति के शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इस घटना के संबंध में स्थानीय थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की भी कोई सूचना नहीं थी।

किसी मरीज या तीमारदार के साथ अभद्रता की शिकायत का प्रमाण भी सामने नहीं आया है। इसलिए केवल वीडियो के साथ लिखे कैप्शन के आधार पर घटना को अस्पताल में कर्मचारियों और तीमारदारों के बीच विवाद बताना भ्रामक है।
FactGiri की पड़ताल का निष्कर्ष
अस्पताल कर्मचारी द्वारा तीमारदारों से बदसलूकी किए जाने का कोई पुष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं है। इसके साथ ही ललितपुर पुलिस के आधिकारिक बयान से ये स्पष्ट होता है कि वीडियो में दिख रहे पुरुष और महिला पति-पत्नी हैं। ऐसे में वायरल वीडियो को अस्पताल में अभद्रता के बाद हुई पिटाई बताने वाला दावा भ्रामक है।
FactGiri Verdict: भ्रामक दावा




