Fact Check: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लखीमपुर खीरी का बताकर शेयर किया जा रहा है। पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि लखीमपुर खीरी में लोधी समाज के परिवार, महिलाओं और बच्चों के साथ पुलिस ने बर्बरता की। इसी दौरान सपा विधायक राहुल लोधी जब परिवार से मिलने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें घेरकर मारपीट की। लेकिन Factgiri की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो को लखीमपुर खीरी का है ही नहीं। वीडियो रायबरेली एसपी ऑफिस के बाहर हुए हंगामे का है।
क्या है वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा?
सोशल मीडिया पोस्ट में वीडियो शेयर करते हुए दावा किया गया कि लखीमपुर खीरी में लोधी समाज के परिवार पर पुलिस ने कार्रवाई की। पोस्ट में यह भी कहा गया कि सपा विधायक राहुल लोधी परिवार से मिलने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। दावे में दो अलग-अलग घटनाओं को जोड़कर पेश किया गया है।
Factgiri की पड़ताल में क्या सामने आया?
वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्टों को खंगालने पर पता चला कि वीडियो रायबरेली के एसपी कार्यालय के बाहर हुए हंगामे का है।
17 सितंबर 2026 को रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में समाजवादी छात्र सभा और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच सदस्यता अभियान को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद विवाद एसपी कार्यालय तक पहुंच गया।

मामले में हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी भी मौजूद थे। एसपी कार्यालय के बाहर सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और हंगामे की स्थिति बनी। विपक्षी दल ने आरोप लगाए कि पुलिस ने राहुल लोधी के साथ मारपीट की। वहीं, रायबरेली पुलिस ने सोशल मीडिया पर लगाए गए पुलिस मारपीट के आरोपों को असत्य, भ्रामक और निराधार बताया।
लखीमपुर खीरी में भी हुई थी अलग घटना
यहां एक महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि लखीमपुर खीरी में भी सितंबर में पुलिस कार्रवाई से जुड़ा अलग मामला सामने आया था। धौरहरा क्षेत्र के सिसैया खुर्द गांव में 14 सितंबर की रात ग्रामीणों के घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चों समेत लोगों के साथ मारपीट के आरोप लगे थे। मामले में पुलिस ने पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित किया और बाद में धौरहरा इंस्पेक्टर को भी लाइन हाजिर किया गया।

Factgiri Verdict
दावा: गलत / भ्रामक
वायरल वीडियो लखीमपुर खीरी में लोधी समाज के परिवार पर पुलिस कार्रवाई का नहीं, बल्कि रायबरेली में सपा छात्र सभा और ABVP विवाद के बाद एसपी कार्यालय के बाहर हुए हंगामे का है।




