बुलडोजर कार्रवाई को UP से जोड़कर वायरल वीडियो, Factgiri की पड़ताल में निकला हरियाणा का मामला

Factgiri Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नगर निगम की टीम जेसीबी से एक निर्माणाधीन धार्मिक ढांचे को गिराती दिखाई दे रही है। वीडियो में कुछ महिलाएं पुलिसकर्मियों का विरोध करती भी नजर आती हैं। इसे शेयर करते हुए यूपी सरकार पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। Factgiri की पड़ताल में सामने आया कि वायरल वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि हरियाणा के फरीदाबाद का है। वीडियो 22 सितंबर 2026 को फरीदाबाद की गणपति कॉलोनी में हुई नगर निगम की कार्रवाई से जुड़ा है।

क्या दावा किया जा रहा है?

फेसबुक यूजर @yadavanoop08 ने 22 सितंबर को वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि फरीदाबाद की गणपति कॉलोनी में MCF की टीम मस्जिद गिराने पहुंची और विरोध कर रही मुस्लिम महिलाओं के साथ महिला पुलिसकर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया। पोस्ट के आखिर में यूपी सरकार पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया गया कि सरकार मंदिर-मस्जिद के मुद्दे से बाहर कब आएगी।

यानी पोस्ट के मूल कैप्शन में फरीदाबाद का नाम साफ तौर पर मौजूद है, लेकिन उसमें यूपी सरकार को निशाना बनाए जाने के कारण वीडियो को कुछ जगहों पर उत्तर प्रदेश से जोड़कर देखा जा रहा है।

Factgiri ने कैसे की पड़ताल?

वायरल वीडियो के एक फ्रेम को आधार बनाकर उसमें दिखाई दे रहे स्थान, नगर निगम की कार्रवाई और आसपास के इलाके से जुड़े संकेतों की पड़ताल की गई। वीडियो में दिखाई दे रही कार्रवाई को लेकर मिले समाचार विवरणों को मिलाने पर मामला फरीदाबाद के गणपति कॉलोनी इलाके का सामने आया।

अमर उजाला की 23 सितंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, पल्ला-बसेलपुर क्षेत्र की गणपति कॉलोनी में नगर निगम प्रशासन ने एक अवैध धार्मिक स्थल के खिलाफ कार्रवाई की थी। रिपोर्ट में स्थानीय लोगों के विरोध और महिला पुलिसकर्मियों तथा महिलाओं के बीच खींचतान का भी उल्लेख है।

वहीं स्थानीय रिपोर्ट में इसे निर्माणाधीन मस्जिद बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार नगर निगम अधिकारियों का कहना था कि निर्माण के लिए नक्शा पास नहीं कराया गया था और बिल्डिंग बायलॉज का उल्लंघन किया जा रहा था।

कार्रवाई क्यों हुई?

दैनिक भास्कर में उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक गणपति कॉलोनी में जिस ढांचे पर कार्रवाई की गई, उसका निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया जा रहा था। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार निर्माण काफी आगे बढ़ चुका था और लेंटर का काम बाकी था।

कार्रवाई के दौरान स्थानीय महिलाओं ने इसका विरोध किया। पुलिस ने उन्हें पीछे हटाया, जिसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई पूरी की। अमर उजाला ने भी कार्रवाई के दौरान महिलाओं और महिला पुलिस के बीच खींचतान की पुष्टि की है।

क्या इसका UP से कोई संबंध है?

नहीं, पड़ताल में ये मामला फरीदाबाद, हरियाणा का पुष्ट हुआ, इससे यूपी का कोई कनेक्शन नहीं। कार्रवाई में शामिल संस्था MCF यानी Municipal Corporation of Faridabad है और मामला फरीदाबाद के पल्ला-बसेलपुर क्षेत्र की गणपति कॉलोनी का है।

Factgiri Verdict

दावा: भ्रामक

वायरल वीडियो में दिखाई गई कार्रवाई वास्तविक है, लेकिन इसे UP की घटना बताना गलत है। यह मामला हरियाणा के फरीदाबाद स्थित गणपति कॉलोनी का है, जहां नगर निगम ने निर्माणाधीन धार्मिक ढांचे के खिलाफ कार्रवाई की थी।

Hot this week

BJP ने इलाहाबाद बैंक बेच दिया? अखिलेश यादव के दावे की FactGiri पड़ताल

Factgiri Fact Check: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश...

Topics

BJP ने इलाहाबाद बैंक बेच दिया? अखिलेश यादव के दावे की FactGiri पड़ताल

Factgiri Fact Check: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img