Factgiri Fact Check: आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में पांच मौतों के बाद 8 वर्षीय शौर्य की मौत को लेकर पुलिस और परिवार के दावे आमने-सामने आ गए हैं। आरोपी अरविंद सिंह की मां और बहन ने आरोप लगाया कि पुलिस की गोली लगने से शौर्य की जान गई। लेकिन इसी बीच अस्पताल में मौजूद 5 वर्षीय बेटी परी का बयान सामने आया, जिसमें उसने अपने भाई को गोली लगने की घटना के बारे में पिता की ओर इशारा किया। बच्ची ने अपने बयान में साफ कहा कि भाई को पापा ने गोली मारी दी।
परिवार ने पुलिस पर क्या आरोप लगाया?
अरविंद सिंह ने पत्नी बबीता और दो पुरोहितों की गोली मारकर हत्या करने के बाद अपने तीन बच्चों को कमरे में बंद कर लिया था। करीब सात घंटे तक पुलिस उसे आत्मसमर्पण के लिए समझाती रही। इसी दौरान अरविंद और उसका बेटा शौर्य गोली लगने से घायल हुए। बाद में दोनों की मौत हो गई। इसके बाद अरविंद की मां और बहन ने आरोप लगाया कि शौर्य पुलिस की फायरिंग में मारा गया। इस दावे को लेकर परिवार ने निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

फिर सामने आया 5 साल की परी का बयान
परिवार के इस आरोप के बीच 5 वर्षीय परी का बयान इस मामले का अहम मोड़ बनकर सामने आया है। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक, अस्पताल में बच्ची ने बताया कि उसके पिता अरविंद ने ही उसके भाई शौर्य को गोली मारी थी। यानी परिवार की ओर से लगाए गए पुलिस फायरिंग के आरोप के उलट बच्ची के बयान में पिता द्वारा शौर्य को गोली मारे जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने करीब 7 घंटे तक किया इंतजार
पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती कमरे में मौजूद तीन बच्चों को सुरक्षित निकालना थी। आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने करीब सात घंटे तक अरविंद को समझाने और आत्मसमर्पण कराने की कोशिश की। इस दौरान कमरे के अंदर से गोली चलने की आवाज भी आई। इसके बाद पुलिस ने ऑपरेशन तेज किया।
FactGiri की पड़ताल में क्या निकला?
परिवार का आरोप: शौर्य की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई।
पुलिस का पक्ष: शौर्य को अरविंद ने ही गोली मारी थी और पुलिस कार्रवाई के दौरान वह पहले से घायल अवस्था में था।
महत्वपूर्ण बयान: 5 वर्षीय परी के बयान में भी पिता द्वारा भाई को गोली मारने की बात सामने आई।
निष्कर्ष
दावा: 8 वर्षीय शौर्य की मौत पुलिस की गोली लगने से हुई। FactGiri का निष्कर्ष- दावा भ्रामक है, परिवार की ओर से पुलिस पर आरोप लगाया गया है, लेकिन 5 वर्षीय परी के बयान में पिता अरविंद द्वारा शौर्य को गोली मारने की बात सामने आई।
ALSO READ – क्या आजमगढ़ हत्याकांड ‘ठाकुर बनाम ब्राह्मण’ विवाद है? वायरल दावे की FactGiri पड़ताल




