Factgiri Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क पर एक महिला को एक व्यक्ति बेरहमी से पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि उन्नाव में एक शराबी पति ने घरेलू विवाद के दौरान अपनी पत्नी को बीच सड़क पर चप्पलों से पीटा। पोस्ट में उन्नाव जिला प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है। लेकिन, फैक्टगिरी की पड़ताल में ये मामला करीब दो महीने पुराना निकला, जिसपर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई भी है।
क्या है वायरल वीडियो का दावा
एक्स पर वल्लाह हबीबी नाम के यूजर ने इस वीडियो को पोस्ट किया है, जिसमें महिला को एक आदमी बुरी तरीके से चप्पल से पीटते हुए देखा जा रहा है। वहीं वीडियो को शेयर कैप्शन में लिखा गया है“A woman was beaten with a slipper in the middle of the road…” इसके साथ दावा किया गया कि यह घटना उन्नाव की है और आरोपी महिला का पति है।
क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई?
Factgiri ने वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए इसके अलग-अलग की-फ्रेम निकालकर Google पर रिवर्स इमेज सर्च किया। सर्च के दौरान हमें इस घटना से संबंधित पुरानी दैनिक भास्कर की रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के प्रेम नगर मोहल्ले का है और घटना की रिपोर्ट 6 अगस्त 2024 को प्रकाशित हुई थी।

रिपोर्ट में बताया गया था कि पति शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने सड़क पर ही अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और चप्पलों से पीटा। मारपीट के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पड़ताल के दौरान Factgiri को उन्नाव पुलिस का स्पष्टीकरण भी मिला। पुलिस के मुताबिक, वायरल वीडियो पुराना है और पति-पत्नी के बीच नशे की हालत में हुई मारपीट से संबंधित है। पुलिस ने यह भी बताया था कि मामले में संबंधित थाना पुलिस द्वारा आरोपी पति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

निष्कर्ष
वीडियो उन्नाव का पुराना मामला है, जिसे सोशल मीडिया पर मौजूदा घटना के रूप में पेश किया जा रहा है। वीडियो में दिखाई दे रही घटना वास्तविक है, लेकिन इसे हाल की घटना बताकर शेयर किया जाना भ्रामक है।




